जयपुर , सितंबर 11 -- राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में दूसरे एवं अंतिम चरण में 147 निकायों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण हुआ और पहले तीन घंटे में 20 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शांतिपूर्वक शुरु हुआ और मतदाताओं के मतदान केन्द्र पहुंचने के सिलसिले ने तेजी पकड़ी और मतदान केन्द्रों पर लंबी लंबी कतारें लगने लगी। सुबह दस बजे तक मतदान के पहले तीन घंटों में 20.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगरपालिका में सर्वाधिक 44.38 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि मतदान के पहले तीन घंटों में सबसे कम मतदान 12.06 प्रतिशत उदयपुर नगर निगम के चुनाव में दर्ज हुआ। इस दौरान जोधपुर नगर निगम के चुनाव में 19.96 प्रतिशत, पाली नगर निगम के लिए 19.14, जयपुर नगर निगम के लिए 16.23 एवं कोटा नगर निगम के चुनाव में 14.55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इन निकायों में शांतिपूर्वक मतदान रहा है और कहीं से काई अप्रिय खबर नहीं हैं। दूसरे चरण में 147 नगर निकायों में छह नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं में सायं छह बजे तक मतदान होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित