जयपुर , सितंबर 21 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव प्रमुखों के चुनाव में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 197 निकायों में अपने प्रमुख बनाकर बाजी मार ली है।
सोमवार को 273 निकायों के प्रमुखों के लिए हुए मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा ने अबतक घोषित 301 परिणामों में 197 प्रमुख बनाकर अपना परचम लहराया हैं।
कुल 309 निकायों में से 305 में घोषित 301 निकायों के परिणाम में भाजपा के 197 के अलावा इन निकायों में कांग्रेस 94 निकायों में अपने प्रमुख बनाये हैं, तथा एक-एक निकाय में आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का प्रमुख बना हैं जबकि सात निकायों में निर्दलीय प्रमुख बने हैं। इन 301 निकायों में 32 निकायों के निर्विरोध चुने गये प्रमुख भी शामिल हैं। आज के परिणाम में चार निकायों के परिणाम आना शेष हैं।
उल्लेखनीय है कि 309 निकायों के लिए दो चरणों में गत नौ एवं 11 सितंबर को मतदान कराया गया और 14 सितंबर को मतगणना हुई थी। इनमें मतगणना के दिन जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम एवं कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका में ईवीएम की तकनीकी खराबी के कारण 16 सितंबर को पुनर्मतदान के कारण इन चार निकायों के महापौर एवं अध्यक्ष का चुनाव 25 सितंबर को होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित