जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि हमारी सरकार संकल्प पत्र में किए गए वादों के अनुरूप पर निरन्तर प्रदेश के हित में कार्य कर रही है और केवल दो वर्षों में ही 72 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं।
श्री शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर कोटा, अजमेर एवं भरतपुर संभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हैं तथा जनता का उन पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट में प्रत्येक विधानसभा में विभिन्न विकास कार्याें के लिए पर्याप्त बजटीय प्रावधान किए हैं जिससे हर क्षेत्र-हर वर्ग को राहत मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के बजटीय प्रावधानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी की आवश्यकता को समझते हुए राज्य सरकार राम जल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, गंगनहर की मरम्मत, सोम-कमला-अम्बा सहित विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का विश्वभर में गौरव बढ़ा है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की है। प्रधानमंत्री उनके इस विचार को धरातल पर मूर्त रूप दे रहे हैं। हम सभी को इस संकल्प सिद्धी में अपना सक्रिय योगदान देना है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जब-जब हमारी भाजपा की सरकार रही है, हमने जनता के बीच में रहकर सदैव विकास और जनकल्याण के कार्य किए हैं। भैंरोसिंह शेखावत एवं वसुन्धरा राजे सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। भामाशाह, अन्नपूर्णा जैसी योजनाएं भाजपा सरकार के कार्यकाल में लाई गई, कांग्रेस सरकार ने केवल योजनाओं का नाम बदलने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि अब हमारी सरकार पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के द्वारा शुरू की गई पहलों को निरन्तर विस्तार दे रही है। कांग्रेस सरकार ने अपने समय में बजट में भेदभाव किया था, जबकि हमने 200 विधानसभा क्षेत्रों को समान बजट दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राज्य में 50 से अधिक जिले बनाए, लेकिन उनके लिए बजट का कोई आवंटन नहीं किया। अब हमारी सरकार जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पर्याप्त बजट दे रही है। हमारी सरकार ने दो साल में किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवा, अन्त्योदय सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल से कई गुना काम किया है। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्राप्त छह हजार की राशि में तीन हजार रुपये जोड़कर इसे नौ हजार रुपये किया गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण एवं विकास के कार्य कर रही है। कुसुम योजना, पीएम फसल बीमा योजना, किसान ऋण योजना, गोपाल क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से किसान लाभान्वित हो रहे हैं। इसी तरह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रदेश में लाखों लोगों ने स्वैच्छिक गिव-अप किया है वहीं लाखों की संख्या में पात्र परिवार योजना से जुड़कर लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने विकास की विभिन्न योजनाओं में बेहतर कार्य करते हुए देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। 11 योजनाओं में प्रथम, पांच योजनाओं में द्वितीय और नौ योजनाओं में तृतीय स्थान पर है, जो प्रदेश सरकार की जनता के लिए किए जा रहे कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल में किए गए कामों से ज्यादा हमारी सरकार ने दो साल में काम किए हैं। हमारी सरकार प्राथमिकता के आधार पर निरंतर समस्याओं का समाधान कर रही है। इस दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं से जिलेवार फीडबैक लेते हुए वन-टू-वन संवाद किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सहित कोटा, अजमेर एवं भरतपुर संभाग के जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक, प्रभारी, सह प्रभारी एवं जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित