भीलवाड़ा , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में भीलवाडा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत में जुताई करवाने के लिए निकली एक महिला की ट्रैक्टर से गिरने से मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कमला देवी (59) सुबह अपने पति के साथ गांव के पास स्थित खेत पर जुताई करवाने के लिए ट्रैक्टर से गयी थीं। वे दोनों ट्रैक्टर के दोनों तरफ मरकाट पर बैठे हुए थे। खेत पर पहुंचने के बाद हीरालाल उतर गया। इसी दौरान कमला देवी भी उतरने लगीं, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह औंधे मुंह जमीन पर गिर गयी जिससे उसे गंभीर चोटें आयी।

घटना के बाद हीरालाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल कमला देवी को हमीरगढ़ उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित