अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को देर रात जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो लाख 22 हजार 400 रुपये नकद और 52 पत्तों की ताश की गड्डी बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि कालाखाना गांव में भैरू मंदिर के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस दल ने मौके पर दबिश दी और संजय कुमार, हजारीलाल, नीतू यादव और सूरज यादव को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित