जयपुर , जुलाई 24 -- राजस्थान में सभी जिला कांग्रेस कमेटियां नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कैंडल लाइट मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन करेगी।

राजस्थान कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरग़े द्वारा लिये गये निर्णय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देशित किया कि वे इसका आयोजन करे। श्री चतुर्वेदी ने बताया कि नीट एवं सीबीसी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के विरोध में पूरे देश में आन्दोलन चल रहा है। नयी दिल्ली में छात्रों तथा नेता विपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस सांसदों पर की गयी दमनात्मक कार्यवाही के विरोध में यह सत्याग्रह उन छात्रों एवं देश के युवाओं के साथ अटूट एकजुटता व्यक्त करने के लिए आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में श्री प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की जायेगी। प्रत्येक जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित होने इस मार्च को महात्मा गांधी अथवा डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा तक निकाला जायेगा तथा वहीं इसका समापन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित