जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने प्रदेश में घरेलू गैस (एलपीजी) का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध बताते हुए कहा है कि इसकी कहीं कोई किल्लत नहीं है और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति के संबंध में आशंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।

श्री गोदारा गुरुवार को यहां घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति पर प्रेस से वार्ता में यह यह भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अंतराष्ट्रीय घटनाक्रमों से उत्पन्न वर्तमान स्थिति में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की जमाखोरी या अन्य स्रोतों में डायवर्जन नहीं हो यह चैक करने में समस्त जिलों में विजीलेन्स दल कार्यरत हो गए हैं। इसके साथ ही जिलों में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित चैकिंग की जा रही है। जिलों में सुचारू घरेलू गैस आपूर्ति के लिए गठित की गई कमेटियों द्वारा प्राप्त दैनिक रिपोर्ट में सामने आया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण जैसी अवैध गतिविधियों की पूर्णतया रोकथाम प्रशासन द्वारा की गई है है और प्रदेश में इस तरह की कोई गतिविधि नहीं हो रही है।

श्री गोदारा ने बताया कि अंतराष्ट्रीय घटनाओं से उत्पन्न वर्तमान स्थिति के मद्देनजर उपभोक्ताओं से निवेदन है कि गैस बुकिंग शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता द्वारा पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता द्वारा 45 दिन के बाद ही किया जाए। साथ ही बुकिंग केवल मोबाईल एप, बेबसाईट, व्हाटसअप, आईवीआरएस के माध्यम से ही करवाएं तथा गैस एजेन्सी पर जाकर बुकिंग कराने का प्रयास न करें।

उन्होंने बताया कि घरेलू गैस आपूर्ति के संबंध में स्थिति एकदम सामान्य है तथा गैस बुकिंग कराने के 2-3 दिन के भीतर उपभोक्ता के घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी। घरेलू एलपीजी की सभी डिलीवरी ओटीपी के माध्यम से की जा रही है जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेन्डर वास्तविक उपभोक्ता को ही प्राप्त हो। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति के मद्देनजर अपनाए गए मापदंड के तहत गैस एजेन्सी पर पॉइन्ट डिलीवरी बन्द कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जैसा सर्वविदित है कि गत नौ मार्च के एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के अनुसार व्यावसायिक गैस केवल शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थानों को ही उपलब्ध कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित