जयपुर , मार्च 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावट के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने के साथ आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियों के तहत मात्र दो दिन 48 हजार से अधिक लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रशिक्षण देकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया गया है।

राज्य के चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय ने मात्र दो दिन 17 एवं 18 मार्च में 48 हजार से अधिक खाद्य कारोबारियों एवं संबंधित व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। उल्लेखनीय है कि पहले ही दिन 30 हजार से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया, जो भी एक रिकॉर्ड है।

चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि इस उपलब्धि को वर्ल्ड बुक आफ रिकॉर्ड्स लंदन में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की टीम सहित जिलों में कार्यरत अधिकारियों एवं कार्मिकों ने खाद्य सुरक्षा की दिशा में यह ऐतिहासिक कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न किया है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिड-डे मील कर्मी, राजकीय छात्रावासों के स्टाफ, जेल रसोई कर्मचारी, होटल एवं ढाबा संचालक तथा स्ट्रीट फूड वेंडर्स सहित विभिन्न खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस उपलब्धि को विश्व रिकॉर्ड में दर्ज किया जाना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। विभाग को इसका अस्थायी प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित