जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि राज्य में कोई योजना बंद नहीं की गयी है और कांग्रेस झूठ एवं भ्रम फैलाने के साथ ही बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
डॉ बैरवा ने एक बयान में कहा कि डबल इंजन की सरकार मे डबल स्पीड से विकास हो रहा हैं इसलिए कांग्रेस को रास नहीं आ रहा हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान सरकार ने किसी भी योजना को बंद नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं भामाशाह योजना, अन्नपूर्णा योजना और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना को न केवल बंद किया, बल्कि उन्हें बिगाड़ने का काम कर जनता के हितों से खिलवाड़ किया।
डॉ. बैरवा ने कहा कि कांग्रेस केवल चुनावी वादों और बयानबाजी तक सीमित रहती है जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार जमीनी स्तर पर तेज़ गति से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के लिए ठोस काम कर रही है और योजनाओं को पारदर्शी बनाकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा, इसलिए वह बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित