जयपुर , अप्रैल 13 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर लापरवाही एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था बर्बाद हो जाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि लगातार धमकियां आ रही हैं और अब तो विधानसभा को धमकी दे दी गई हैं।

श्री गहलोत ने रविवार को विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी एवं प्रदेश की गिरती कानून-व्यवस्था पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उच्च न्यायालय जो धमकियां मिली, अगर उसमें कोई ठोस कार्रवाई होती और दोषियों को पकड़ लिया जाता तो विधानसभा को धमकी देने की नौबत ही क्यों आती। यह सरकार की घोर लापरवाही है। पता नहीं सरकार किस प्रकार से शासन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था तो पूरी बर्बाद हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि डकैती की घटनाएं हो रही हैं, हत्याएं हो रही हैं। जैसलमेर में एक महिला का मुंह बांधकर उसे पटक दिया गया और घर से सब कुछ लूट लिया गया। जयपुर में भी छेड़खानी की घटनाएं किस तरह बढ़ रही हैं। एक गर्भवती महिला के साथ छेड़खानी की गई और लगता है कि दोषियों को पकड़ने की कोई गंभीरता नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित