जयपुर , जून 20 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाने का आरोप लगाया है।
श्री गहलोत ने शनिवार को अपने बयान में यह आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है जब गृह विभाग पूरी तरह विफल हो गया है। उन्होंने कहा कि जोधपुर में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को सरेआम दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटना और फिर गोली मारकर हत्या कर देना, इस बात का जीता-जागता सबूत है कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि ये खौफनाक घटनाएं साफ संकेत हैं कि अपराधियों के दिलों से कानून और पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। सरकार की नाकामी के कारण आज स्थिति बिल्कुल उलट गई है, "आमजन में डर बढ़ रहा है और अपराधियों में विश्वास" एक सभ्य समाज के लिए यह बेहद खतरनाक और चिंताजनक स्थिति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित