जयपुर , मार्च 11 -- राजस्थान में कांग्रेस रसोई गैस सिलेण्डर की कीमतों में 60 रुपए की बढ़ोत्तरी करने और वाणिज्यिक गैस सिलेण्डर की आपूर्ति रोकने के विरोध में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर 12 और 13 मार्च को केन्द्र सरकार के विरुद्ध धरने-प्रदर्शन करेगी।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में घरेलू गैस की सप्लाई का संकट खड़ा हो गया है, पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता पर घरेलू गैस सिलेण्डरों की कीमत में 60 रुपए और कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की कीमतों को बढ़ाकर महंगाई का बोझ केन्द्र सरकार ने आम नागरिकों पर डाला है। कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की आपूर्ति बाधित है, जिस कारण विवाह आदि कार्यक्रम सम्पन्न कराना लोगों के लिए कठिन हो गया है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सभी जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देशित किया है कि 12 और 13 मार्च को जिला मुख्यालय पर गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ाने तथा विवाह आदि समारोह के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेण्डर की सप्लाई अघोषित रूप से रोकने के विरोध में केन्द्र सरकार के विरुद्ध धरने-प्रदर्शन आयोजित किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित