जयपुर , जुलाई 24 -- राजस्थान में संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) परिवारों के सर्वे कार्य की अवधि 26 जुलाई तक बढ़ा दी गयी हैं।

राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सचिव (सलाहकार) अशोक कुमार जैन ने बताया कि आयोग ने राज्यभर में संचालित ओबीसी परिवारों के सर्वे कार्य की अवधि बढ़ाते हुए इसे सोमवार तक पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं।

श्री जैन ने बताया कि गत 23 जुलाई को हुई सर्वे कार्यों की समीक्षा के अनुसार कई जिलों में सर्वे का कार्य शेष है। इसे देखते हुए आयोग द्वारा सर्वे की अवधि 26 जुलाई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। आयोग को अपनी अनुशंसा रिपोर्ट राज्य सरकार को निर्धारित तिथि तक प्रस्तुत करनी है। इसलिए सभी जिला कलक्टरों से अनुरोध किया गया है कि वे 26 जुलाई तक सर्वे कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने राजधारा सर्वे मोबाइल ऐप पर अन्य पिछड़ा वर्ग के परिवारों का सर्वे कार्य 23 जुलाई तक किए जाने के दिशा - निर्देश जारी किये थे। आयोग के सर्वे के दौरान प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण कर पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से संबंधित अनुशंसा रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्तुत की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित