श्रीगंगानगर , अप्रैल 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक ही दिन अलग स्थानों पर पिता-पुत्र की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौसम विभाग रोड पर ओवरब्रिज के पास एक खाली जगह पर झाड़ियों में एक युवक बेहोश हालत में पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने तुरंत सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद वह कुछ ही देर बाद दम तोड़ गया।
मृतक की पहचान जगसीरसिंह (29) के रूप में हुई। वह एक निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने युवक के परिवार से संपर्क किया तो पता चला कि उसी समय परिवार मृतक युवक के पिता कश्मीरसिंह का अंतिम संस्कार कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात जगसीरसिंह नशे का आदी था और कथित तौर पर मौसम विभाग रोड पर उसने नशे की ओवरडोज ले ली। वह रात भर वहीं बेहोश पड़ा रहा। आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे लोगों ने उसे झाड़ियों में पड़ा देखा। अस्पताल ले जाते-ले जाते उसकी मौत हो गई। ठीक उसी दिन सुबह उसके पिता कश्मीरसिंह का गांव के निकट सड़क दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित