जयपुर , जुलाई 14 -- राजस्थान में गत 12 जून से 13 जुलाई के बीच प्रदेशभर में सात हजार 701 शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया गया और इस दौरान 38 हजार 494 पट्टे, 12 हजार 163 नाम हस्तांतरण और 6 हजार 811 भवन मानचित्र प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गयी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार साथ ही शिविरों में 91 हजार 599 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तथा 5 हजार 644 ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी किये गये।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं का लाभ अब लोगों के घर के नजदीक ही मिल रहा है, जिससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से लोगों को राहत मिली है। शहरी क्षेत्रों में जलभराव एवं कचरे की समस्या को दूर कर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 25 हजार 448 कचरा संभावित केंद्र समाप्त किये गये तथा 2 हजार 517 नए सीवर कनेक्शन भी स्वीकृत किये गये। शहरों की आंतरिक सड़कों पर पर्याप्त रोशनी के लिए 19 हजार 978 नयी स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ 62 हजार 42 स्ट्रीट लाइटों को दुरूस्त किया गया। शिविरों में 38 हजार 381 विद्युत कनेक्शन जारी करने के अलावा पालनहार योजना में 11 हजार 132 बच्चों के नव सत्यापन और पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 17 हजार 354 आवेदन प्राप्त कर छोटे कारोबारों के लिए ऋण स्वीकृतियां जारी की गयी।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इन शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं भी समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वे लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं और सेवाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक ले रहे है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि शिविर के माध्यम से आमजन को त्वरित राहत मिले तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनकल्याण के नये आयामों तक पहुंच रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित