जयपुर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में गत दिनों हुई आपराधिक घटनाओं तथा कुछ पुलिस कार्मिकों की लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद एक पुलिस अधिकारी को निलंबित एवं छह अधिकारियों को पदस्थापन की प्रतीक्षा में (एपीओ) तथा दो अधिकारियों को तुरंत हटाया गया है।

श्री शर्मा ने आज यहां कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस आशय के निर्देश दिये जाने के बाद पुलिस विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में भरतपुर जिले में वैर के थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित किया गया हैं तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत को पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है। इसी तरह वृत्ताधिकारी भुसावर नीरज भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) अजमेर अंजू यादव, जयपुर जिले में वृत्ताधिकारी सांभर मुकेश जोशी तथा वृत्ताधिकारी श्रीगंगानगर विष्णु कुमार खत्री तथा आयुक्तालय जयपुर में पुलिस निरीक्षक मुकेश खराड़िया को भी एपीओ किया गया है।

इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसआईयूसीएडब्ल्यू, जयपुर ग्रामीण बृजमोहन मीणा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरथल जया सिंह को हटाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित