जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में अनियमितताओं पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की गयी है और इसे लगातार सुदृढ़ एवं मरीज हितैषी बनाया जा रहा है, वहीं योजना के तहत अस्पतालों एवं फार्मेसी को इस वित्त वर्ष में अब तक करीब तीन हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल ने बताया कि इस योजना में शेष भुगतान भी बजट उपलब्धता के अनुरूप प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि यह योजना बिना किसी अनियमितता के साथ रोगियों के हित में सुचारू रूप से संचालित हो। इसी लक्ष्य के साथ योजना में कई सुधार किये गये हैं, जिससे रोगियों को सुगमता से लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अस्पताल, फार्मेसी एवं अन्य सभी हितधारकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उपचार सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आये।

श्री अटल ने बताया कि योजना के तहत बुधवार को प्रदेशभर में सामान्य दिनों की भांति ही करीब 21 हजार रोगियों ने उपचार सुविधाओं का लाभ लिया। आईपीडी एवं डे केयर में करीब दो हजार रोगियों ने तथा ओपीडी में करीब 19 हजार रोगियों ने स्वास्थ्य सेवायें प्राप्त कीं। इसी प्रकार आरजीएचएस योजना में सूचीबद्ध फार्मेसी स्टोर से करीब 19 हजार रोगियों ने दवायें ली। करीब 39 हजार टीआईडी योजना के तहत जनरेट की गयीं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अस्पतालों एवं फार्मेसी स्टोर को भुगतान की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी है। शेष भुगतान भी चरणबद्ध रूप से शीघ्र किए जाने की कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित