जयपुर , मई 21 -- राजस्थान में अंडर-23 की टी-20 प्रारूप में होने वाली प्रतियोगिता अब रंगीन कपड़ों और सफेद बॉल के साथ खेली जायेगी।
राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) एडहॉक कमेटी सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने गुरुवार को बताया कि क्रिकेट के बदलते स्वरूप और राष्ट्रीय ढांचे के अनुरूप अब आरसीए की टी-20 प्रारूप में होने वाली अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता अब रंगीन वस्त्रों और सफेद बॉल के साथ आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को आधुनिक घरेलू क्रिकेट के अनुरूप बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना, भविष्य के लिए उन्हें तैयार करना और राजस्थान से अधिक खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) एवं उच्च स्तर के क्रिकेट तक पहुंचाने में सहायता करना है।
आरसीए की एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव ने बताया कि आरसीए ने कुछ सप्ताह पूर्व ही अंडर-23 प्रतियोगिता के टी-20 प्रारूप को रंगीन वस्त्रों और सफेद बॉल के साथ आयोजित करने को लेकर गहन चर्चा की गयी। इसकी अंतिम रुपरेखा तैयार की जा रही थी। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा पुरुष अंडर-23 प्रतियोगिता को टी-20 प्रारूप में आयोजित किए जाने की घोषणा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित