जयपुर , सितम्बर 01 -- राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र में वैश्विक पहचान और मजबूत होने के साथ ही घरेलू पर्यटकों का भी काफी रुझान देखने को मिल रहा है और वर्ष 2024 में घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की यात्राओं के मामले में राजस्थान देश में पांचवें स्थान पर रहा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र तेजी से विस्तार ले रहा है। इस वर्ष जून तक प्रदेश में 10.85 करोड़ घरेलू और 8.45 लाख विदेशी पर्यटक यात्राएं हो चुकी हैं और वर्ष 2024 में घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की यात्राओं के मामले में राजस्थान देश में पांचवें स्थान पर रहा हैं।
वर्ष 2023 में प्रदेश में 17 करोड़ 90 लाख देशी एवं 17 लाख विदेशी पर्यटक आए। वर्ष 2025 में इस संख्या भारी बढ़ोतरी हुई और 25 करोड़ 25 लाख देशी और 19 लाख 45 हजार विदेशी पर्यटकों ने राजस्थान का भ्रमण किया।
राज्य सरकार अब पर्यटन को प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और स्थानीय स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बनाने पर बल दे रही है। इसी के तहत पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का प्रावधान किया गया है।
राज्य सरकार का जोर पर्यटन को धार्मिक, ग्रामीण, हेरिटेज, ईको और एडवेंचर पर्यटन के साथ स्थानीय कला, हस्तशिल्प, खान-पान और लोक संस्कृति से जोड़ने पर है। मुख्यमंत्री स्वयं पर्यटन, देवस्थान और कला-संस्कृति से जुड़ी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का मानना है कि राजस्थान की हजारों वर्ष पुरानी विरासत को संरक्षित करते हुए उसे आर्थिक विकास और रोजगार से जोड़ा जा सकता है।
मुख्यमंत्री की पहल पर पर्यटन के विस्तार के लिए कई नयी नीतियां लायी गयी हैं। पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश और नयी पर्यटन इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान पर्यटन इकाई नीति-2024 लागू की गयी है। इसके बाद पर्यटन विकास को व्यापक आधार देने के लिए राजस्थान पर्यटन नीति-2025 लायी गयी। प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने तथा शूटिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान करने के लिए राजस्थान फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 भी लागू की गयी है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए राजस्थान टूरिज्म इन्फ्रास्ट्रक्चर एण्ड कैपेसिटी बिल्डिंग के तहत पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें पर्यटन स्थलों की सुविधाओं, ब्रांडिंग और आधारभूत ढांचे के साथ विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों को विकसित करने पर जोर है।
जयपुर में आईफा अवार्ड के 25वें समारोह के आयोजन ने राजस्थान की पर्यटन, कला-संस्कृति और फिल्म क्षेत्र की वैश्विक ब्रांडिंग को नयी पहचान दी है। वहीं डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने के लिए जयपुर में पहली बार वेड इन इंडिया एक्सपो आयोजित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित