जयपुर जोधपुर , सितम्बर 28 -- राजस्थान बार काउंसिल में दो महिला अधिवक्ता को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिवक्ता गायत्री राठौड़ और युवा अधिवक्ता वर्षा बिस्सा को बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के दो सह-मनोनित महिला सदस्यों के रूप में मनोनीत किया है।
राजस्थान बार काउंसिल में कुल 25 सदस्य हैं। इनमें से 23 सदस्यों का चुनाव मतदान के माध्यम से हुआ था, जबकि दो महिला सदस्यों का मनोनयन मुख्य न्यायाधीश द्वारा किया जाना था। मनोनयन से पहले मुख्य न्यायाधीश की ओर से बार काउंसिल के निर्वाचित सदस्यों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों से सुझाव भी मांगे गये थे।
इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने वरिष्ठ अधिवक्ता गायत्री राठौड़ और अधिवक्ता वर्षा बिस्सा के नामों को अंतिम रूप देते हुए दोनों को बार काउंसिल का सह-मनोनित सदस्य नियुक्त किया। राजस्थान बार काउंसिल के कार्यवाहक सचिव विकास ढाका की ओर से दोनों के मनोनयन की आधिकारिक सूचना जारी की गयी है।
मनोनयन के साथ ही दोनों महिला अधिवक्ताओं को राजस्थान बार काउंसिल में औपचारिक रूप से सदस्य के रूप में स्थान मिल गया है। अब बार काउंसिल के आगामी कार्यों और पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अध्यक्ष का चुनाव इसी सप्ताह होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित