श्रीगंगानगर , अप्रैल 22 -- राजस्थान में राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव में बुधवार श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर भारी मतदान दर्ज किया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी राकेश गुंबर ने बताया कि सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में बार संघ के कुल 1668 मतदाताओं में से 1374 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह मतदान प्रतिशत करीब 82.5 प्रतिशत रहा, जो जिले के लिए रिकॉर्ड स्तर का माना जा रहा है।
श्रीगंगानगर बार संघ के मुख्य सभागार और ई-लाइब्रेरी में दो मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही दोनों केंद्रों पर अधिवक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। राजस्थान बार काउंसिल के कुल 23 पदों के लिए 234 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतपत्र काफी बड़ा होने और वरीयता क्रम के अनुसार मतदान की प्रक्रिया के कारण एक मतदाता को मतदान में पांच से सात मिनट का समय लग रहा था।
श्री गुंबर ने बताया कि दोपहर एक बजे तक 800 मत पड़ चुके थे। शाम पांच बजे मतदान समाप्ति के समय भी मतदान केंद्रों के बाहर अधिवक्ताओं की लाइन लगी हुई थी। जिन मतदाताओं ने केंद्र के अंदर प्रवेश कर लिया था, उन्हें मत डालने की पूरी छूट दी गई। मतदान की प्रक्रिया शाम पांच बजे के बाद भी कुछ देर तक जारी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित