जयपुर , मार्च 04 -- पश्चिम एशिया एवं खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर राजस्थान सरकार के मार्गदर्शन में राजस्थान फाउंडेशन (राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग - डोरा) द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सहयोग व्यवस्था सक्रिय की गई है।
फाउंडेशन के अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स एवं अन्य प्रवासी एसोसिएशन्स तुरंत प्रभाव से सभी प्रवासियों की मदद के लिए आगे आए हैं। यूएई के दुबई चैप्टर तथा सऊदी अरब चैप्टर्स के साथ-साथ बहरीन, कुवैत, ओमान सहित कई देशों की प्रवासी राजस्थानी एसोसिएशन्स लगातार अपने-अपने स्तर पर प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
दुबई में फंसे यात्रियों के लिए राजस्थान फाउंडेशन दुबई चैप्टर के सहयोग से भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। अबू धाबी में एक समारोह में सम्मिलित होने गए बैंगलोर के लगभग 100 राजस्थानी नागरिकों की सुरक्षित भारत वापसी में राजस्थान फाउंडेशन दुबई चैप्टर के समन्वित प्रयासों से सफल सहायता प्रदान की गई।
इसी क्रम में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीटो) एवं मारवाड़ी युवा मंच जैसे सामाजिक संगठनों ने भी अपनी अंतरराष्ट्रीय शाखाओं को सक्रिय कर आवास, भोजन, परामर्श एवं आपात सहयोग उपलब्ध कराया है। विभिन्न देशों में स्थानीय राजस्थानी मंचों एवं सामुदायिक संगठनों ने सेवा भावना और एकजुटता का उल्लेखनीय परिचय दिया है। वैकल्पिक यात्रा मार्गों, वीज़ा प्रक्रियाओं तथा केन्द्र सरकार द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से संबंधित सूचनाएं भी नियमित रूप से साझा की जा रही हैं, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो और प्रवासियों को समय पर मार्गदर्शन मिल सके।
विदेशों में फंसे राजस्थानियों के लिये आवास, भोजन, स्थानीय सहायता, मार्गदर्शन, सुरक्षित वापसी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था के लिए सम्पूर्ण प्रवासी समुदाय निरंतर प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित