जयपुर , जून 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कैडर पुनर्गठन करते हुए पुलिस के चालक, घुड़सवार और बैंड शाखाओं में पदोन्नतियों की राह खोली है और तकनीकी संवर्ग के 403 पदों को उच्च पदों में पुनर्गठित किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गृह विभाग ने इस बारे में एक स्वीकृति जारी की गयी हैं। स्वीकृति के अनुसार तकनीकी संवर्ग में चालक के 331 पदों को पुर्नगठित कर उच्च पदों में वृद्धि की गयी है। इनमें पुलिस निरीक्षक एवं सी.सी के 16 पद, उप निरीक्षक एवं पी.सी के 62 पद एवं हेड कांस्टेबल 253 पद हैं। इसी तरह संवर्ग के बैंड वर्ग में कुल 69 उच्च पद बढ़ाये गये हैं, जिसमें उप निरीक्षक एवं पी.सी के 17 पद, हेड कांस्टेबल के 52 पद शामिल हैं, वहीं घुड़सवार वर्ग में उप निरीक्षक/ पी.सी के तीन उच्च पद बढ़ाये गये हैं।
इस कैडर पुनर्गठन के निर्णय से अब तकनीकी संवर्ग में भी सिविल संवर्ग की तरह समयानुसार पदोन्नतियों हो सकेंगी। इससे पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के अधिक अवसर प्राप्त होंगे, उनका मनोबल बढ़ेगा और पुलिस कार्यक्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी। राज्य सरकार का यह अहम प्रयास कार्मिक कल्याण, प्रशासनिक सुधार और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
तकनीकी संवर्ग में अभी तक सिविल, आईबी, दूरसंचार आरएसी/ एमबीसी चालक, सिविल घुड़सवार और सिविल एवं आरएसी/एमबीसी बैंड में पदोन्नति के अवसर बेहद सीमित होने से कार्मिकों में काफी निराशा थी। इस संवर्ग में नियुक्त कांस्टेबल लंबे समय से इसी पद पर कार्यरत हैं, जबकि समान वर्ष में सिविल पुलिस में नियुक्त कांस्टेबल पदोन्नति प्राप्त कर सहायक उपनिरीक्षक बन गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित