जयपुर , अक्टूबर 08 -- राजस्थान पुलिस ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पहल करते हुए देश की पहली पुलिस पोलो टीम तैयार की है।
प्रदेश पुलिस के खेलों के दायरे में अब पोलो खेल भी शामिल हो गया है। राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में गुरुवार शाम को पुलिस पोलो टीम का उद्घाटन समारोह हुआ, जिसमें एक टीम रेड और टीम ब्लू के बीच एक प्रदर्शन मैच खेला गया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर पुलिस पोलो टीम और उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने विशेष पहल करते हुए अल्प समय में पोलो टीम तैयार कर प्रदर्शन मैच खेला है। आने वाले समय में राजस्थान पुलिस की टीम विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी खेलती नजर आएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने से खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पोलो टीम के लिए सभी आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन और बेहतर हो सकेगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं मुख्य खेल अधिकारी रूपिंदर सिंघ ने बताया कि श्री शर्मा के विजन अनुरूप राजस्थान पुलिस की पोलो टीम तैयार की गई है। देश में पहली बार राजस्थान पुलिस ने इतिहास रचा है। नियमित अभ्यास करते हुए हमारा लक्ष्य बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलना हैं। इस अवसर पर राजस्थान पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की भी शुरुआत की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित