जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान पुलिस ने कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी के सिंह ने गुरुवार को सभी संबंधित जिला पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी समन्वय, सतर्कता और प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
श्री सिंह ने बताया कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु 30 जुलाई से 11 अगस्त तक अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। गत वर्ष लगभग 4.5 करोड़ श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के आने के मद्देनजर इस वर्ष भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर राजस्थान पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या किसी भी प्रकार का हथियार साथ ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों या शराब का सेवन सख्त वर्जित है। नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों का पैदल या वाहनों द्वारा आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
श्री सिंह ने सभी सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित