बारां , सितम्बर 20 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को जिले के सभी निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने रविवार को बताया कि अध्यक्ष पद चुनाव के दौरान सिर्फ निर्वाचित सदस्यों को ही मतदान स्थल पर प्रवेश मिल सकेगा। साथ ही निकाय भवन के बाहरअवरोधक लगाते हुए अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतदान स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ कानून व्यवस्था के कड़े प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारां नगर परिषद के निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रामावतार मीणा ने बताया कि सभापति पद के निर्वाचन के लिए मतदान पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक होगा। सभी पार्षदों को मतदान समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व उपस्थित होना है ताकि जिन पार्षदों ने अब तक शपथ नहीं ली है, वे शपथ ग्रहण कर सकें। मतदान परिसर एवं प्रथम बैठक का स्थल नगर परिषद सभागार रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित