पटना , सितंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राजस्थान के नगर निकाय चुनाव परिणामों में पार्टी को मिली शानदार बढ़त पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा के प्रति बढ़ते जनविश्वास की अभिव्यक्ति बताया। श्री सरावगी ने कहा कि राजस्थान एक बार फिर भाजपामय हुआ है और नगर निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा की विकास एवं जनकल्याण की नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है।

‎श्री सरावगी ने कहा कि राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के परिणाम इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि जनता भाजपा की नीतियों और उसके विकास के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ी है।

‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा को पिछली बार की तुलना में ढाई से तीन गुना अधिक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है। यह केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि भाजपा के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास और संगठन की मजबूत होती पकड़ का प्रमाण है। राजस्थान की जनता ने विकास, पारदर्शी प्रशासन, जनकल्याण और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।

‎श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें देश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा शासित राज्यों में सुशासन एवं विकास की नीतियों का सकारात्मक प्रभाव जनता के बीच दिखाई दे रहा है। राजस्थान का जनादेश भी इसी विश्वास को प्रतिबिंबित करता है।

‎श्री सरावगी ने इस शानदार विजय के लिए भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा ने पार्टी को यह बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने राजस्थान की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह आशीर्वाद भाजपा को और अधिक ऊर्जा के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।‎उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान में भाजपा की यह सफलता आने वाले समय में संगठन को और मजबूती प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित