जयपुर , जून 03 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य को विश्व पर्यटन मानचित्र पर पहला स्थान बनाने के लिए अधिकारियों को संकल्पित होकर कार्य करने के निर्देश दिये हैं।
श्रीमती दिया कुमारी बुधवार को पर्यटन भवन में विभागीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समयबद्धता के साथ सभी पर्यटन परियोजनाओं को पूरा किया जाये, ताकि राजस्थान पर्यटन विश्व पर्यटन का सिरमौर बन सके।
उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की ओर से चल रही प्रमुख परियोजनाओं यथा पुष्कर कॉरिडोर, महाराणा प्रताप सर्किट, वॉर म्यूज़ियम झुन्झुनूं, आमेर मास्टर प्लान, आदि सहित मीडिया प्लान की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाने तथा तय समय-सीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिये। उन्होंने पर्यटन विभाग के मीडिया बाइंग पर चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने घरेलू और विदेशी दोनों ही स्थान पर रोड शो द्वारा राजस्थान पर्यटन के प्रमोशन पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यटन प्रोत्साहन गतिविधियों के आयोजन और सहभागिता पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने राजस्थान पर्यटन की गहन ब्रांडिंग और मार्केटिंग किए जाने की आवश्यकता जताई और नये ज़माने की गतिविधियों और सोशल मीडिया का उपयोग किये जाने पर भी जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, " इनोवेशन और समयबद्ध क्रियान्वयन से राजस्थान पर्यटन वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नयी ऊंचाइयां छुए, इसके लिए संकल्पित होकर, कार्य किये जाने पर जोर दिया। "बैठक में खगोल पर्यटन पर विमर्श हुआ, जिसमें एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान का स्वच्छ आकाश और न्यूनतम प्रकाश प्रदूषण इसे विश्व का सर्वश्रेष्ठ स्टारगेजिंग डेस्टिनेशन बनाते हैं।
जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर को स्टारगेजिंग हब बनाने जहां टेलीस्कोप से तारे और आकाशगंगा (मिल्की वे) देख सके। पश्चिमी राजस्थान के इलाकों को डार्क स्काई रिज़र्व घोषित किये जाने पर चर्चा की गई। माउंटआबू में ऑब्जरवेटरी टूरिज्म शुरू किये जाने पर भी चर्चा की गयी।
इसी प्रकार कार्ययोजना बनाकर "विजिट राजस्थान इन समर" कैम्पेन पर चर्चा हुई।
दुबई की तर्ज़ पर पश्चिमी राजस्थान जैसे जैसलमेर के डेजर्ट एडवेंचर टूरिज्म चर्चा की गयी।
श्रीमती दियाकुमारी ने कहा कि दुबई के समान राजस्थान के जैसलमेर-बाड़मेर को वर्ल्ड-क्लास डेजर्ट एडवेंचर हब बने इसके लिए कार्य योजना बनाई जाये। उपमुख्यमंत्री ने ए आई आधारित टूरिज्म ऐप बनाने पर जोर दिया। उन्होंने खगोल पर्यटन की सम्भावना पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने मेड़ता स्थित मीरा बाई मंदिर में विकास कार्य पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने उदयपुर में वेडिंग प्रोमोशन इवेंट करवाने और घूमर फेस्टिवल करने पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये।
उपमुख्यमंत्री ने अगले वर्ष 18 नवम्बर को जयपुर की स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को वर्ष पर्यंत उत्सव मनाये जाने पर चर्चा की तथा इसके लिए रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने शेखावाटी हवेलियों और जयपुर वॉल सिटी पर फ्रेस्को पेंटिंग कर सौंदर्यकरण किये जाने पर चर्चा की और निर्देश दिये।
बैठक में राजसमंद, माउंटआबू, उदयपुर, जवाई, कुंभलगढ़ को पिक योर समर एस्कपे थीम पर भी चर्चा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित