कोटा , सितंबर 19 -- राजस्थान सरकार ने शनिवार को प्रदेश के 472 सरकारी स्कूलों में नवीन भवन निर्माण एवं भवन मरम्मत के लिए 401.3 करोड रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। आदेशानुसार प्रदेश के 261 प्राथमिक विद्यालयों के लिए 41 लाख रुपए प्रति विद्यालय, 128 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए 65 लाख रुपए प्रति विद्यालय तथा 83 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए दो करोड़ 54 लाख रुपए प्रति विद्यालय के हिसाब से कुल 401करोड़ तीन लाख रुपए की स्वीकृति जारी की है।

सूची में कोटा संभाग के बारां जिले के 27 विद्यालय, बूंदी जिले के 12 विद्यालय,झालावाड़ के 84 विद्यालय तथा कोटा के तीन विद्यालय शामिल है। स्वीकृत की गयी राशि में भवन निर्माण, फर्नीचर, प्रयोगशाला उपकरण, स्मार्ट क्लास रूम व्यय तथा बिजली,पानी की सुविधा पर व्यय राशि भी शामिल है।

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि अब तक राज्य सरकार विद्यालयों में भवन निर्माण के लिए 3000 करोड रुपए की राशि जारी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी विद्यालय भवन विहीन न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित