उदयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े मंगलवार को उदयपुर में दो दिवसीय पश्चिम क्षेत्र कुलपति सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने सोमवार को यहां बताया कि राजस्थान विद्यापीठ एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन युनिवर्सिटी (एआईयू) के संयुक्त तत्वावधान में ''स्वदेशी, आर्थिक देश भक्ति और तकनीकी राष्ट्रवाद के माध्यम से आत्म निर्भर भारत".. विषयक इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कृषि महाविद्यालय के सभागार में किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह की विशिष्ट अतिथि लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री प्रो. मंजु बागमार, प्रधानमंत्री के वित्तीय सलाहकार प्रो. गौरव वल्लभ, महासचिव डॉ. पंकज मित्तल होंगे। एआईयू के अध्यक्ष और छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।

प्रो सारंगदेवोत ने बताया कि 18 मार्च को होने वाले सम्मेलन के समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी, विशिष्ट अतिथि शिक्षा संस्कृति उत्थन न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अनुल कोठारी, राजेन्द्र सिंह शेखावत होंगे।सम्मेलन में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में स्वदेशी नवाचार, आर्थिक आत्मनिर्भरता, तकनीकी क्षमता के विकास और राष्ट्र निर्माण में विश्वविद्यालयों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित