जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में युवाओं की भारी भागीदारी के साथ सेना की सीकर भर्ती रैली का शुक्रवार को समापन हो गया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) जयपुर द्वारा सीकर और जयपुर जिलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली एक से 23 अक्टूबर तक जिला स्टेडियम सीकर में आयोजित की गयी।
इसके अतिरिक्त राजस्थान के सभी जिलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर क्लर्क एवं स्टोर कीपर टेक्निकल की केन्द्रीय श्रेणी के लिए भी भर्ती आयोजित की गई। राजस्थान के युवाओं की विशेषता देशभक्ति और जोश का प्रदर्शन करते हुए रैली में बड़ी संख्या में भाग लिया, परिणामस्वरूप 90 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और ईमानदारी सुनिचित करने के उपायों के तहत शारीरिक फिटनेस परीक्षणों के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाले पदार्थों का उपयोग को रोकने के लिए भर्ती रैली में ड्रग टेस्ट का भी परीक्षण किया गया। निर्दोष अभ्यर्थी किसी दलालों और बेईमान तत्वों के झांसे में न आए, इसके लिए कड़े दलाली विरोधी उपाय किए गए थे।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र जयपुर ने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता और मजबूत होगी, अधिक भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा और योग्य उम्मीदवारों को सेना में शामिल होने का उचित अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित