अलवर , मई 20 -- राजस्थान में अलवर जिले के भपंग वादक गफरुद्दीन मेवाती जोगी को 25 मई को दिल्ली में पद्मश्री अवार्ड से नवाजा जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में गफरुद्दीन को आमंत्रित किया गया है। गत 25 जनवरी को सरकार ने पद्म श्री अवार्ड की घोषणा की थी जिसमें गफरुद्दीन मेवाती जोगी को भी पद्मश्री देने की घोषणा की गई थी।

पद्मश्री अवार्ड की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे गफरुद्दीन मेवाती जोगी और उसके परिवार में खुशी बढ़ती जा रही है । उन्होंने केंद्र और राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त किया कि 55 वर्ष की मेहनत का फल मिलने का समय नजदीक आता जा रहा है ।

श्री मेवाती जोगी ने भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पद्म श्री अवार्ड से तो सम्मानित किया ही जा रहा है, लेकिन सरकार को ऐसे कलाकारों के जीवन यापन का भी ध्यान रखना चाहिए जिससे वह उनके बच्चों का लालन पोषण हो सके और अपनी विरासत को आगे जिंदा रख सकें। उन्होंने सरकार से पेंशन की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित