अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि आरोपी राजदीप उर्फ राजू और उसका बड़ा भाई मोहन सिंह उर्फ मोनी लंबे समय से चोरी, लूट, डकैती, अवैध वसूली, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। दोनों भाइयों के खिलाफ कुल 34 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों मिलकर गिरोह के रूप में वारदातों को अंजाम देते थे।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को रात में रीको फेज-1 स्थित सर्वेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में दोनों आरोपी घुस गए और वहां तैनात गार्ड को लोहे की रॉड से हमला करके डराया-धमकाया। आरोपियों ने कहा कि वे पहले भी फैक्ट्री का स्क्रैप चोरी कर चुके हैं और अब भी माल ले जाएंगे। विरोध करने पर गार्ड को गोली मारने की धमकी दी गई।
श्री उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सोमवार को शाम को पुलिस दल ने उनके घर दबिश दी तो दोनों आरोपी छत से कूदकर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दोनों को दबोंच लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित