नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
श्री डोटासरा ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को केवल दो से तीन हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल हुई थी, वहां विशेष वर्ग के वोटों को काटने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जो लोग डबल इंजन सरकार से नाराज हैं, 60 साल से ऊपर के हैं, या जिनकी नौकरी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय लगी थी, उनके वोट काटे जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) राजस्थान में फर्जी हस्ताक्षर कर वोट फॉर्म जमा करा रहे हैं और विशेष वर्ग के वोट काटे जा रहे हैं। 14 जनवरी तक 1,40,000 वोट रजिस्टर किए गए, लेकिन वेबसाइट पर डेटा नहीं दिख रहा। भाजपा के बीएलए फर्जी हस्ताक्षर कर 10-15 हजार फॉर्म जमा करा रहे हैं। उनका कहना है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में भी इस तरह की मनमानी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा के नेता और मंत्री तक एसडीएम को फोन करके धमकी दे रहे हैं, जिससे लोकतंत्र की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। भाजपा और चुनाव आयोग को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है, इसे रोकने के लिए हरसंभव कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जनता की आवाज़ को दबाना और फर्जी वोटिंग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित