जयपुर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान कांग्रेस ने प्रदेश में घोषित पंचायतीराज चुनावों की तैयारी और चुनावी रूपरेखा तय करने के लिए बुधवार को यहां बैठक की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वॉर रूम में आयोजित इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित पार्टी के कई विधायक, पदाधिकारी एवं नेता शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा द्वारा जिस तरह सत्ता और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया, उसकी पुनरावृत्ति पंचायतीराज चुनावों में न हो, इसके लिए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ अपनी रणनीति तैयार करेगी और जनता इन पंचायतीराज चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देगी।
श्री डोटासरा ने कहा कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर हमने बैठक कर पंचायत चुनाव में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए रणनीति एवं चुनाव अभियान एवं प्रचार पर चर्चा की। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस एकजुट हैं एवं मजबूत भी हैं और हम पंचायत चुनाव जीतेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित