बारां , मार्च 11 -- राजस्थान में बारां जिले मेें 15 से 19 मार्च तक राजस्थान उत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने इसकी रूपरेखा तय कर ली है। आयोजन के तहत शहर के सभी चौराहों व मिनी सचिवालय पर विद्युत सज्जा भी की जाएगी।

जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बुधवार को बताया कि राजस्थान उत्सव के तहत 15 मार्च को 'विकसित रन' का आयोजन सुबह सात बजे खेल संकुल कोटा रोड से प्रारंभ होगा। यह दौड़ चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, अस्पताल रोड, रेलवे ऑवर ब्रिज के नीचे से होते हुए वापस खेल संकुल कोटा रोड पहुंचकर समाप्त होगी। इसी दिन दो दिवसीय एक जिला एक उत्पाद मेला एवं प्रदर्शनी का नगर परिषद के परिसर में शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें स्टॉल लगाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, भाषण एवं चित्रकारी के कार्यक्रम भी होंगे। राजस्थान को जाने डिजिटल क्विज के रजिस्ट्रेशन के साथ राजस्थान दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के तहत राजस्थान को जाने क्विज का जिला स्तरीय आयोजन होगा।

श्री तोमर ने बताया कि इसी दिन जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन में जिले के नवनियुक्त कार्मिक सम्मिलित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित