जोधपुर , मार्च 23 -- राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा ग्रीष्मकालीन अवधि के लिए न्यायालय एवं कार्यालय समय में बदलाव को लेकर अधिसूचना जारी की गई है।

यह नई समय-सारणी सोमवार, 13 अप्रैल से रविवार, 28 जून तक प्रभावी रहेगी।

अधिसूचना के अनुसार, उच्च न्यायालय में न्यायालय का समय सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से 11 बजे तक मध्यांतर रहेगा। वहीं कार्यालय का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा, जिसमें पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे से पौने 11 बजे तक मध्यांतर होगा।

अधीनस्थ न्यायालयों के लिए न्यायालय का समय सुबह आठ बजे से मध्याह्न साढ़े 12 बजे तक तय किया गया है, जिसमें 10 बजे से सवा 10 बजे तक मध्यांतर रहेगा। इन न्यायालयों के कार्यालय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे, जिसमें 10 बजे से सवा 10 बजे तक विश्राम रहेगा।

इसके अतिरिक्त, पीठासीन अधिकारी सुबह साढ़े सात बजे से आठ बजे तक और मध्याह्न साढ़े 12 बजे से एक बजे तक अपने चैंबर में कार्य करेंगे।

यह आदेश रजिस्ट्रार (प्रशासन) द्वारा सोमवार को जारी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित