कोटा , अगस्त 16 -- देशभर में राजस्थानी भाषा के गीत ऋषि और हाडोती के कालिदास नाम से सुविख्यात जाने-माने कवि गीतकार दा भाई दुर्गादान सिंह गौड़ का रविवार सुबह निधन हो गया।

वह तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उनके पुत्र कवि निशामुनि गौड़ के मुताबिक दुर्गा दान सिंह जी को निजी अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था । जहां चिकित्सक ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की।

कोटा-हाड़ोती, राजस्थान से लेकर देशभर में कवि सम्मेलन के मंचों पर पचास वर्ष तक जन जन के दिलों पर राज करने वाले लोकप्रिय मधुर गीतकार दुर्गा दान सिंह गौड के निधन की खबर सुनते ही समूचे साहित्य जगत में शोक की लहर व्याप्त हो गई। वह 70 वर्ष से अधिक आयु के थे। वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ कर गए हैं। वह मूलत: झालावाड़ जिले के जोलपा ग्राम निवासी थे और वर्तमान में पिछले कई वर्षों से कोटा में ही निवासरत थे।

उनकी शव यात्रा शहर के कैथूनीपोल रेतवाली क्षेत्र स्थित आवास से सोमवार सुबह नौ बजे रवाना होकर किशोरपुरा मुक्ति धाम पहुंचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित