श्रीगंगानगर , जून 27 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर एक किशोर की मौत होने से गुस्साए लोगों ने शनिवार को राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।

स्थानीय लोगों ने यहां अंडरपास बनाने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता राकेश बिश्नोई, नवनीत मुंजाल और प्रमोद ज्याणी के नेतृत्व में आक्रोशित नागरिक उप कारागृह के पास पहुंचे। उन्होंने राजमार्ग पर टायर जलाए और जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उप कारागृह के पीछे वाले क्षेत्र को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से जोड़ने वाले रास्ते पर सुरक्षित अंडरपास का निर्माण जरूरी है। उनका कहना था कि बिना अंडरपास के हादसे रुकने वाले नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि खेजड़ी मंदिर चौराहे से डिग्री कॉलेज तक के इस खंड पर पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और छह से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित