रायबरेली , मई 31 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में समाजवादी पार्टी ने रविवार को राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती विचार गोष्ठी आयोजित कर मनाया । कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव ने की।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए इं. वीरेंद्र यादव ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर न्याय, साहस, वीरता और नारी शक्ति की अनोखी मिसाल थीं। उन्होंने कहा कि पति, ससुर और पुत्र को खोने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और मालवा राज्य की जनता की संरक्षक बनकर शासन किया। उनके 28 वर्ष के शासनकाल में न तो कोई भूखा सोया और न ही किसी के साथ अन्याय हुआ।

प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने कहा कि यदि वर्तमान पीढ़ी की बेटियां अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलें तो देश को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन संघर्ष, सेवा और सुशासन का प्रेरणादायी उदाहरण है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें लोककल्याण, सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक बताया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित