देहरादून , फरवरी 01 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर हरक सिंह की मौजूदगी में रविवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल मंडल के जिला, महानगर अध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस के अनुशांगिक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।

इस बैठक में 16 फरवरी को विभिन्न मुद्दों को लेकर किए जाने वाले राजभवन कूच को सफल बनाने को लेकर रणनीति तैयार की गई।

इस दौरान प्रीतम सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 16 फरवरी को कांग्रेस पार्टी का राज भवन घेराव ऐतिहासिक होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचकर भाजपा सरकार की विफलताओं, महंगाई बढ़ती बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और जन विरोधी फैसलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के विश्वास को तोड़ा है और कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस निडरता से देश की जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं इस तरह हम सबको भी जनता की लड़ाई लड़नी है।

इस मौके पर हरक सिंह रावत ने कहा कि राज्य की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है, और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सांप्रदायिकता का सहारा लेकर देव भूमि को कलंकित कर रही है। हरक सिंह का कहना है कि भाजपा को सबक सिखाने काअब समय आ गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित