श्रीगंगानगर , अप्रैल 10 -- सहकारी संस्था राजफैड ने प्रदेश में चना फसल की सरकारी खरीद के लिए टोकन जारी करने की समय अवधि बढ़ा दी है।
श्रीगंगानगर जिले में रायसिंहनगर नगर की क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश ठोलिया ने आज बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले राजफैड के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर टोकन अवधि बढ़ाने की मांग की थी।
श्री ठोलिया ने बताया कि खराब मौसम एवं चने की फसल की कटाई में देरी के कारण 25 मार्च को जारी किए गए टोकनों के आधार पर खरीद की निर्धारित अवधि आठ अप्रैल को समाप्त हो गई थी, जिससे अनेक किसानों को अपनी उपज एमएसपी पर बेचने में कठिनाई हो रही थी। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा मांग करने पर राजफैड ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए टोकन अवधि को पुनः बढ़ा दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और वे अपनी चने की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर आसानी से विक्रय कर सकेंगे।
श्री ठोलिया ने इसके लिए राजफैड प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित