भिण्ड , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के रौन थाना प्रभारी राजवीर सिंह गुर्जर को हटाने की मांग को लेकर आज राजपूत करणी सेना ने ग्रामीणों के साथ भिण्ड पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया।

संगठन के जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंचे करीब 50 ग्रामीणों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल को ज्ञापन सौंपकर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रौन थाने की कार्यप्रणाली से क्षेत्र की जनता का भरोसा उठता जा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि थाना प्रभारी के संरक्षण में क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन सहित कई अवैध गतिविधियां फल.फूल रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जो लोग इन मामलों की शिकायत करते हैं उनके खिलाफ ही पुलिस झूठी एफआईआर दर्ज कर दबाव बनाने का काम करती है। इससे आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

श्री पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस का काम अपराध पर अंकुश लगाना है लेकिन रौन थाना शिकायतकर्ताओं को ही आरोपी बनाने में जुटा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि थाना प्रभारी को तत्काल नहीं हटाया गया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संगठन जिलेभर में उग्र आंदोलन करेगा जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष पुलिसिंग की मांग उठाई। उनका कहना था कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था तभी मजबूत होगी जब अवैध कारोबार पर कार्रवाई होगी और शिकायतकर्ताओं को प्रताड़ित करने की बजाय उनकी बात सुनी जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने ज्ञापन लेकर प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद करणी सेना और ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया लेकिन जल्द कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित