रायपुर , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने आज कहा है कि भाजपा में नए पदाधिकारियों के निर्वाचन और नियुक्ति के बाद उन्हें पार्टी की कार्यशैली से अवगत कराना एक अनिवार्य प्रक्रिया है। पार्टी संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएँ आयोजित करती है, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त और संगठनात्मक रूप से दक्ष बनाना है।

कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पाण्डेय ने कहा कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद के विचारों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को बूथ स्तर तक पहुँचाने का प्रयास किया जाता है। साथ ही कार्यकर्ताओं को यह भी बताया जाता है कि नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से कैसे पहुँचाया जाए।

पाण्डेय ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि विचारधारा के विस्तार और जनसेवा का माध्यम है। मिशन 2028 और आगामी चुनावी तैयारियों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत संगठन है, जहाँ एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू हो जाती है। पार्टी केवल चुनावी समय में ही सक्रिय नहीं रहती, बल्कि संगठनात्मक रूप से निरंतर कार्य करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित