, Aug. 18 -- योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का एक ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। हमने नौ वर्ष में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना किया है। कुल 12 लाख करोड़ रुपये वाली उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज 36 लाख करोड़ रुपये की है। प्रति व्यक्ति आय 43000 रुपये थी, आज वह 1 लाख 20 हजार रुपये है। यहां का जो सालाना बजट 3 लाख करोड़ का था, आज वह 9 लाख 70 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। सीएम ने कहा यह प्रगति के साथ प्रगति का नया मानक भी है।

मुख्यमंत्री ने बहुमंजिला बैरक भवन के शिलान्यास के लिए पीआरडी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि परिवर्तन ऐसे ही होता है। अच्छी सरकारें आती हैं, तो सबके अच्छे दिन भी लाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस के अधिकारियों और जवानों के लिए भी अच्छी बैरक की सुविधा नहीं हुआ करती थी। जबकि 56 जनपद ऐसे हैं जहां सबसे ऊंची बिल्डिंग पुलिस कार्मिकों के बैरक की है। पुलिस के अलावा होमगार्ड के स्वयंसेवकों के लिए भी अच्छी अवस्थापना सुविधाओं का विकास हुआ है आए अब प्रांतीय रक्षक दल के लिए भी अब हाईराइज बैरक के निर्माण का कार्य लखनऊ में हो रहा है। यह चीजें दिखाती हैं कि परिवर्तन केवल एक तबके के लिए नहीं है, हर एक तबके के लिए परिवर्तन और उसमें व्यापक सुधार आज दिखाई दे रहा है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों को राष्ट्र प्रथम की भावना से कर्तव्य पालन का संदेश दिया। कहा कि हम सब भारतवासियों का एक ही ध्येय होना चाहिए- देश प्रथम। देश की सुरक्षा में कोई सेंध न लगाने पाए। हमारे राष्ट्र को कोई क्षति न पहुंचाने पाए। भारत की एकता और अखंडता को कोई खंडित न करने पाए। भारत की सुरक्षा में कोई सेंध न लगाने का दुस्साहस कर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग जाति, क्षेत्र, भाषा या किसी अन्य वाद के आधार पर समाज को बांटने का कुत्सित प्रयास करेंगे। ऐसे लोगों से सतर्क और सावधान रहने की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित