जयपुर , मई 28 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सांसद हनुमान बेनीवाल के बयान की निंदा करते हुए कहा है कि आज कुछ राजनेताओं की शब्दावली अत्यंत हल्के स्तर पर पहुंच गई है।
श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि अपनी टीआरपी बढ़ाने और सुर्खियों में बने रहने के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक शालीनता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री बेनीवाल को यह समझना चाहिए कि वे किसके बारे में और किस पद की गरिमा के संदर्भ में ऐसी भाषा का उपयोग कर रहे हैं। राजनीति में विरोध होना स्वाभाविक है, लेकिन शब्दों की मर्यादा और संवाद की शालीनता बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आज राजनीति में शुद्धिकरण की आवश्यकता है। यदि राजनेता इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करेंगे तो जनता का राजनीति से विश्वास उठने लगेगा और लोग राजनेताओं से घृणा करने लगेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते रहे हैं, उसी प्रकार अब अन्य नेता भी निम्न स्तर की भाषा का उपयोग कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर अनर्गल और असभ्य भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित