चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) पर राजनीतिक हितों के लिए दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब की धार्मिक मर्यादा भंग करने का आरोप लगाते हुए इसकीनिंदा की है।

श्री ढिल्लों ने सोमवार को यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि 'आप' के प्रदर्शनकारियों ने गुरुद्वारा परिसर में तख्तियां लेकर राजनीतिक नारेबाजी की और हंगामा किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को राजनीतिक गतिविधियों का मंच बनाना निंदनीय है और उनकी पवित्रता बनाये रखना सभी की जिम्मेदारी है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस दरबार हॉल में प्रवेश नहीं कर गई थी, बल्कि उसने परिसर में हंगामा करने वालों को रोकने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद 'आप' नेताओं ने पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन के खिलाफ दुष्प्रचार किया।

श्री ढिल्लों ने 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेतृत्व से पूछा कि प्रदर्शनकारियों ने गुरुद्वारा परिसर में राजनीतिक नारेबाजी क्यों की। उन्होंने पंजाब के लोगों और सिख संगत से धार्मिक स्थलों की मर्यादा से जुड़े मामलों में सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं तथा उनकी पवित्रता और धार्मिक मर्यादा का सम्मान किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित