हैदराबाद , मई 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और उसके कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव पर भाजपा के खिलाफ झूठा प्रचार अभियान चलाने तथा केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार के परिवार के सदस्यों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
हैदराबाद स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विश्व योग दिवस, पर्यावरण दिवस और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए श्री राव ने आरोप लगाया कि बीआरएस कालेश्वरम परियोजना विवाद, फॉर्मूला ई-रेस मुद्दे और शराब घोटाले जैसे मामलों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि अग्रिम जमानत लेना एक वैधानिक अधिकार है। उन्होंने इस मुद्दे पर बीआरएस की आलोचना पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूर्व बीआरएस सरकार के कई नेताओं ने भी विभिन्न मामलों में इसी प्रकार कानूनी संरक्षण प्राप्त किया था।
भाजपा नेता ने पूर्व बीआरएस शासन पर महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया और जुबली हिल्स नाबालिग दुष्कर्म मामला, समता सामूहिक दुष्कर्म मामला तथा डॉ. प्रीति उत्पीड़न प्रकरण सहित कई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा विवाद और बीआरएस शासनकाल के दौरान छात्रों की आत्महत्याओं का भी जिक्र करते हुए सवाल किया कि नैतिक आधार पर मंत्रियों ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित