कोलकाता , सितंबर 16 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रारंभिक चार महीनों के कार्यकाल के प्रदर्शन की खुलकर सराहना की और कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कामों की चर्चा अब देश के अन्य राज्यों में भी हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रव्यापी "सेवा संकल्प अभियान" के सिलसिले में श्री सिंह कोलकाता पहुंचे थे। रक्षा मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

रक्षा मंत्री ने 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में आयी राज्य सरकार के कदमों का उल्लेख करते हुए कहा, "शुभेंदु अधिकारी के इन कुछ ही दिनों में किये गये कार्यों की सराहना अन्य राज्यों में भी की जा रही है।" उन्होंने विश्वास जताया कि श्री अधिकारी के कुशल नेतृत्व में पश्चिम बंगाल 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय लक्ष्य के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा। इसके साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि पश्चिम बंगाल जल्द ही वैश्विक जहाज निर्माण क्षेत्र के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरकर सामने आयेगा।

केंद्र सरकार बंगाल के रक्षा निर्माण और जहाज निर्माण क्षेत्र में पहले ही बड़े निवेश की घोषणा कर चुकी है। अगस्त महीने में श्री सिंह और श्री अधिकारी ने गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स तथा यंत्र इंडिया लिमिटेड की लगभग 3,500 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच विस्तार परियोजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास किया था।

रक्षा मंत्री ने इस वर्ष लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान 'वंदे मातरम' के सभी छंदों के गायन का उल्लेख करते हुए इसे पश्चिम बंगाल के लिए अत्यंत गर्व का विषय बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को एक शब्द "सेवा" के रूप में परिभाषित किया और कहा कि प्रधानमंत्री ने तमाम विरोधों के बावजूद निरंतर विकास का मार्ग चुना है। उन्होंने अपेक्षा जतायी कि श्री अधिकारी भी बंगाल में इसी विकास मार्ग का अनुसरण करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित