नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में 16 पदक (08 स्वर्ण, 07 रजत और 01 कांस्य) जीतने वाली सेना की टीम के सदस्यों से बातचीत की।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इन खेलों में भारत ने कुल 39 पदक जीते हैं जिनमें से 18 पदक ( 16 सेना और दो नौसेना) भारतीय रक्षा बलों के जवानों ने जीते हैं।
रक्षा मंत्री ने शारीरिक और मानसिक दबाव से उबरकर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में देश का गौरव बढ़ाने के लिए भारतीय रक्षा बलों की मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प की सराहना की। इस उपलब्धि को "असाधारण" बताते हुए उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी लोगों, खासकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं, क्योंकि वे "एक सैनिक और एक चैंपियन का बेहतरीन मेल" हैं।
मुक्केबाजी में छह स्वर्ण में से चार महिला मुक्केबाजों द्वारा जीते जाने पर श्री सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती 'नारी शक्ति' का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि और अधिक लड़कियों के खेल अपनाने और रक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित